कठुआ। सरकार की नीतियों और देश में बढ़ रही महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोला। रविवार को जिला अध्यक्ष वीणा देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष और पूर्व विधायक इंदु पवार ने कहा कि लोग महंगाई से पीड़ित हैं, और नरेंद्र मोदी सरकार कर संग्रह में व्यस्त है। मोदी सरकार नागरिकों को बड़े सपने दिखाकर सत्ता में आई। लेकिन, आज गरीबों की ही अनदेखी की जा रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम एक हजार के पार होने को आतुर हैं और पेट्रोल-डीजल के दामों में भी आग लगी है।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार एलपीजी सिलेंडर की कीमत को नियंत्रित करने में विफल रही है। इससे मध्यम और निम्न-आय वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हुए। क्योंकि, उन्होंने कोरोना लॉकडाउन के दौरान अपनी आजीविका खो दी थी, और इस अवधि के दौरान सरकार ने सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार लोगों की भावनाओं को समझने और उनकी कठिनाइयों का आंकलन करने में विफल रही है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि कारपोरेट नियंत्रित भाजपा सरकार की ओर से प्रचारित की जा रही गरीब विरोधी नीतियों से सबसे ज्यादा पीड़ित महिलाएं हैं। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार आम जनता की बुनियादी समस्याओं को हल करने की बजाय गरीबों का खून चूसकर बड़े कारपोरेट घरानों के हितों की रक्षा कर रही है। प्रदर्शन में अंचना देवी, ज्योति वर्मा, साक्षी देवी, आदि शामिल रहीं।