बिलावर में पुतला जलाकर प्रदर्शन करते अभाविप कार्यकर्ता, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बिलावर। रामबन में वीरवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने और लाठीचार्ज करने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने बिलावर में प्रदर्शन किया। उन्होंने देवल में शहीदी चौक के पास रामबन प्रशासन का पुतला फूंका और परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ किए अभद्र व्यवहार की निंदा की।
एबीवीपी के जिला संयोजक सुनित ठाकुर के नेतृत्व में सरकार से मांग की है कि परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले सभी लोगों को निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि रामबन के थाना प्रभारी, लाठीचार्ज करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों और लाठीचार्ज कराने में संलिप्त अन्य प्रशासन के मुलाजिमों को अगर सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित नहीं किया, तो आने वाले दिनों में एबीवीपी के कार्यकर्ता इस आंदोलन को प्रदेश भर में चलाएंगे।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रामबन प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस अवसर पर परिषद की बिलावर इकाई के नगर महामंत्री सनक श्रीवत्स, कार्यकर्ता हिमांशी, सिमरन, मोहिता, अश्विन, मानसी, विशाल, पीयूष, सनत, आदि मौजूद रहे।