बसोहली। बनी, बसोहली और बिलावर के करीब ढाई सौ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को लोक निर्माण विभाग से समय पर वेतन न मिलने के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए विभाग के उच्च अधिकारियों समेत सरकार को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है। अपनी मांगों को लेकर लोग प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
डेलीवेजर एसोसिएशन के प्रधान अंग्रेज सिंह, उपप्रधान अख्तर मोहम्मद, रतन सिंह, राकेश, आदि ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से जुड़े हुए उन्हें 25 वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन आज तक उन्हें समय से न तो वेतन मिला है, और न ही स्थायी किया गया है। पिछली सरकारों के समय जब भी विकास कार्यों के लिए फंड आते थे, तो त्योहारों पर अस्थायी कर्मियों को कुछ न कुछ राशि दी जाती थी। लेकिन, अब ऐसा नहीं हो रहा है। अस्थायी कर्मियों के कच्चे घर भी इस दशा में पहुंच चुके हैं कि बारिश के दौरान छतों व दीवारों से पानी टपकता है। बच्चों की पढ़ाई बमुश्किल 12वीं तक पूरी कराई है। इसके बाद अब नौकरी के आवेदन दाखिल करने के लिए उनके पास पैसे नहीं बचे।
जब विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया जाता है तो वह केवल यह आश्वासन देते हैं कि उन्होंने भी उच्च अधिकारियों को इसके लिए लिखा है लेकिन आज तक उन्हें समय से वेतन नहीं मिला है वही परमानेंट कर्मचारियों को हर माह समय से वेतन मिल जाता है उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों को सरकार से मांग की है कि उन्हें समय से वेतन दिया जाए और उन्हें स्थाई करने के लिए भी कार्रवाई की जाए।