कठुआ। भीषण गर्मी में पेयजल संकट का सामना कर रहे लोगों का जल शक्ति विभाग के खिलाफ रोष बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को शहर के वार्ड नंबर 14 में जल शक्ति विभाग की ओर से दूषित पानी सप्लाई किए जाने पर कड़ा रोष जताया। वहीं, मीरपुर जग्गो गांव के वार्ड 4 निवासियों ने गांव में खराब पड़े हैंडपंप को ठीक कराने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
शहर के वार्ड 14 में प्रदर्शन कर रहे लोगों में शामिल नैंसी देवी ने बताया उनके मोहल्ले में आने वाली पाइप लाइन नाले के अंदर से गुजरती है। जोकि नाले के तेज बहाव के कारण अक्सर क्षतिग्रस्त हो जाती है। पिछले एक महीने से नाले में क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन के कारण उनके घरों में दूषित पानी आ रहा है। उस पानी को पिया नहीं जा सकता।
उन्होंने बताया कि कई बार जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों से नाले से गुजरने वाली पाइप लाइन को ऊंचा किए जाने की मांग की जा चुकी है। लेकिन, विभाग के कर्मचारी लोगों की मांग को अनदेखा करते रहते हैं। जिसके चलते लोगों को अक्सर दूषित पानी ही सप्लाई होता है। उन्होंने विभाग से नाले से गुजरने वाली पाइप लाइन को मोड़कर उसे पुली के साथ निकाले जाने की मांग की है, ताकि वार्ड में आने वाला पानी उन्हें साफ मिल सके।
इसी तरह मीरपुर जग्गो के वार्ड नंबर 4 में प्रदर्शन कर रहे लोगों का नेतृत्व कर रहे शिवसेना नेता सतपाल ने बताया कि गांव के प्राइमरी स्कूल के पास लगा हैंडपंप लोगों को साफ पानी मिलने का एक मात्र साधन है। लेकिन, पिछले तीन महीनों से खराब पड़े इस हैंडपंप की प्रशासन ने सुध नहीं ली। इस बारे में कई बार पीएचई विभाग के अधिकारियों सहित ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरमैन और पंचायत के सरपंच तक को भी सूचित किया है। इसके बावजूद उनकी मांग पर गौर नहीं किया जा रहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द हैंडपंप को दुरुस्त नहीं किया गया, तो गांव के लोग कोई कड़ा फैसला लेने के लिए मजबूर हो जाएंगे।