पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- बिलावर में तीन लोगों की हत्या के बाद आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। बिलावर में तीन लोगों की हत्या से आक्रोशित लोगों ने हीरानगर उप मंडल के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन किए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चड़वाल में लोगों ने पाकिस्तान का पुतला जलाकर जोरदार प्रदर्शन किया और कहा कि आतंकियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में शामिल व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने कहा जिला कठुआ सबसे शांतिपूर्ण इलाका है और इसे अशांत करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। इसी के तहत जिले के पहाड़ी इलाके में आतंकियों ने टारगेट किलिंग को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करते हुए आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त करना चाहिए। इस तरह के हमले लोगों को दहशत में धकेल रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेसी नेता रोमी शर्मा ने कहा साजिश के तहत जिले का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। इसके पीछे जिन लोगों का हाथ है उन पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा सभी जाति और धर्म के लोग मिलजुल कर रहते हैं, जो कुछ देश विरोधी तत्वों को रास नहीं आ रहा है। वहीं, हीरानगर में भी भाजपा मंडल की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। मंडल अध्यक्ष मुकेश पादा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान फिर से अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है।