संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। इच्छू नाले से चार दिन बाद तीन बरातियों के शव बरामद होने से दूरदराज पहाड़ी इलाकों के लोग सहमे हुए हैं। पिछले 25 दिनों में इलाके में हुई अलग-अलग दो वारदात में पांच लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
जोगेंद्र कुमार, देशराज, मनोहर लाल, ओम प्रकाश और सुनील ने कहा कि जिन लोगों ने यह निंदनीय काम किया है उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से सक्रिय आतंकियों का कोई भी पता नहीं चल पा रहा। अगर जल्द इलाके में बढ़ रही आंतकी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया जाता तो इस प्रकार की घटनाएं बार-बार घटित होने की संभावना है। लोगों ने बताया की पहाड़ी क्षेत्र के ज्यादातर लोग भेड़-बकरी पालन और पशुपालन के साथ-साथ कृषि के माध्यम से अपनी जीविका चलाते हैं और जिन इलाकों में वह रहते हैं वे घने जंगल से सटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इन जंगलों में वह अपने मवेशियों को चराने के लिए साथ ले जाते थे। जंगल में मौजूद आतंकियों के डर से उन्होंने मवेशियों को जंगलों की तरफ ले जाना छोड़ दिया है और अंधेरा होने से पहले इलाके के लोग डर की वजह से अपने घरों मे ही दुबक जाते हैं। लोगों ने केंद्र सरकार से मांग की के जल्द से जल्द बिलावर के संवेदनशील इलाकों में सेना की चौकियां बनाई जाएं ताकि दूर दराज इलाके के लोग अपने को असुरक्षित महसूस ना करें।