हीरानगर। पथवाल पंचायत में शराब की दुकान खोलने के विरोध में रविवार को लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल पंच सुरेश शर्मा ने कहा किसी भी कीमत पर क्षेत्र में शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। शराब के कारोबारी दुकान खोलने के लिए लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं और कई तरह के लालच दे रहे हैं। लेकिन गांव के सभी लोगों ने मन बनाया है कि शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे।
पंच ने कहा कि दो दिन पहले एसडीएम कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया गया था और एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आम लोगों की सहमति के बिना दुकान नहीं खुलेगी। लेकिन हमें जानकारी मिली है कि शराब के कारोबारी दुकान खोलने के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जबरन दुकान खोलने की कोशिश की गई तो हम सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। भूख हड़ताल, आमरण अनशन से भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन में नीरज कुमार, नसीब चंद, भारत भूषण आदि रहे।