हीरानगर। 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से परेशान छप्पड मोड़ के लोगों का शिष्टमंडल शुक्रवार को विभाग के अधिकारियों से मिला। इस दौरान चेतावनी दी कि अगर दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो हाईवे पर धरना देंगे।
शुक्रवार को कांग्रेस नेता रमेश कुंडल के नेतृत्व में शिष्टमंडल विद्युत विभाग के एईई रमन राठौर से मिला। इस दौरान बताया कि क्षेत्र में 15 दिनों से लोग बिना बिजली के रह रहे हैं। विभाग की ओर से कई ट्रांसफार्मर लगाए गए। लेकिन कुछ ही घंटों के बाद ट्रांसफार्मर काम करना बंद कर रहे हैं।
शिष्टमंडल ने कहा कि ट्रांसफार्मर सही नहीं भेजे जा रहे हैं या फिर बिजली के अवैध इस्तेमाल से ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर चंद लोग अवैध ढंग से बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन पर विभाग कार्रवाई करे। स्थानीय निवासी रामेश्वर शर्मा ने कहा कि विभाग की लापरवाही के चलते कुछ लोग अवैध ढंग से बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें कुछ मैरिज पैलेस के मालिक भी शामिल हैं।
एईई ने कहा कि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। इसके अलावा इस क्षेत्र में जो भी लोग अवैध ढग से बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। शिष्टमंडल में राजेश कुमार, सोहनलाल, दविंदर कुमार, संजय मेहता, अशोक कुमार शामिल रहे।