बिलावर। उपमंडल के दूरदराज दियौता पंचायत में पांच दिनों से बिजली सप्लाई ठप रहने से करीब 3000 की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
पंचायत की सरपंच बीना ठाकुर ने बताया कि पांच दिन पूर्व इलाके में बिजली सप्लाई बंद हो गई थी, जिसे बहाल नहीं किया गया है। सरपंच और पंचायत के अन्य प्रतिनिधियों ने भी इसको लेकर रोष जताया है। उनका कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारी समस्या का समाधान करने के लिए गंभीर नहीं हैं।
रोशनी के त्योहार पर भी विभाग ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि ज्यादातर अधिकारी पंचायत प्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते हैं। सरपंच ने कहा कि कई बार लोग विभाग के अधिकारियों को बिजली सप्लाई प्रभावित होने की सूचना देना चाहते हैं, लेकिन अधिकारी फोन नहीं उठाते। इससे परेशानी बनी रहती है। सरपंच ने कहा कि पूरे गांव पांच दिनों से बिजली नहीं है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बताया कि एक सप्ताह में केवल एक या दो दिन ही बिजली होती है। इसकी वजह से कई काम भी प्रभावि होते हैं। लोगों ने जिला उपायुक्त से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है, ताकि समस्या का समाधान हो सके।
एईई ने नहीं दिया कोई जवाब
दियौता पंचायत में पांच दिनों से बिजली बंद होने और दीपावली पर भी सप्लाई न होने के संदर्भ में बिजली विभाग बिलावर के एईई अश्विनी कुमार से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया।