कठुआ। जिले में पल्स पोलियो अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पांच वर्ष तक की आयु के एक लाख 2238 नौनिहालों को पोलियोराधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार से इस अभियान की शुरूआत हो जाएगी। वहीं इसके बाद स्वास्थ्य कर्मी इस अभियान को डोर टू डोर भी चलाएंगे। रविवार को पल्स पोलियो अभियान का आगाज जिला विकास परिषद के सदस्य रघुनंदन सिंह महात्मा गांधी जच्चा-बच्चा अस्पताल से करेंगे। इसी के साथ जिले के तमाम स्वास्थ्य केंद्रों पर भी पोलियो बूथ सक्रिय किए जाएंगे।
सीएमओ कठुआ डॉ राधा कृष्ण ने बताया कि 2328 बूथ टीमों के सदस्य 582 पोलियो बूथ पर इस अभियान को अंजाम देंगे। इसके लिए 14 ट्रांजिट टीमों को भी काम पर लगाया जाएगा। जिले के 101 हाई रिस्क क्षेत्रों में अभियान पर विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में अभिभावकों से भी अपील है कि समय पर पहुंचकर अपने बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाएं।