कठुआ। जिलें में अवैध रूप से चलने वाले देसी शराब के धंधे को रोकने के लिए आबकारी विभाग के प्रयास जारी हैं। बुधवार को विभाग द्वारा गठित टीम ने जिले के चार अलग-अलग गांवों में दबिश दी। इस दौरान टीमों ने 1750 किलोग्राम लाहन बरामद किया। उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
आबकारी आयुक्त पंकज कुमार शर्मा के निर्देशानुसार गठित टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर अरुण शर्मा, रजी अहमद और अमित शर्मा की टीम ने जराई, तरफ सांझी, पडियारी और माहीचक में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने इन इलाकों के निर्जन स्थानों पर छानबीन की, जहां कई स्थानों पर शराब का बनाने के लिए लाहन छिपाई गई थी। उसे टीम ने वहीं मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग के अनुसार अवैध रूप से बनने वाली शराब के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा जाता है, जिसके कारण यह कई बार जानलेवा साबित हो जाती है। लिहाजा विभाग ऐसे शराब के कारोबार को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।