पकड़े गए युवकों में कपिल कुमार निवासी वार्ड नौ बसोहली और विजय कुमार निवासी घगरोड बसोहली शामिल हैं। पुलिस इस मामले में संलिप्त 18 से 20 अन्य लोगाें की भी तलाश कर रही है, जिन्होंने अधिकारी के साथ मारपीट की और थाने में घुसकर तोड़फोड़ और एक कमरे में आगजनी को अंजाम दिया।
बसोहली थाना प्रभारी कुलबीर चौधरी ने बताया कि दो युवकाें को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों की धरपकड़ की जाएगी। कानून व्यवस्था को देखते हुए बसोहली में दो दिन से पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को बसोहली के हायर सेकेंडरी स्कूल के नजदीक रहने वाला बारह वर्षीय कर्ण अचानक लापता हो गया था। अगले ही दिन उसका शव स्कूल के निर्माणाधीन शौचालय में मिला था। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामला दर्ज करने में देरी से भड़के लोगों ने जीरो मोड़ के नजदीक पुलिस के अधिकारी के साथ मारपीट कर दी थी और थाने में घुस गए थे।
पुलिस ने हालांकि आरोपियों को पकड़ने के लिए सिट कर गठन कर उस समय लोगों को शांत करवाया। इसके बाद दो नाबालिग को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि मोबाइल फोन को लेकर कर्ण की हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और अन्य सामान भी बरामद कर लिया था। वर्तमान में दोनों आरोपी बाल सुधार गृह भेज दिए गए हैं।