हीरानगर। आयुष की ओर से शुक्रवार को सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल कोटपुन्नू में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित जानकारी दी गई। अतिथियों ने बताया कि व्यक्तिगत स्वच्छता स्वस्थ जीवन का आधार है। इसलिए हमेशा व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान दें। साथ ही एनीमिया की रोकथाम के लिए प्रतिरक्षा बढ़ाने वाली आयुर्वेदिक दवाएं मुफ्त बांटी गई।
जिला अधिकारी डॉ. अजय टिक्कू की देखरेख में आयोजित इस शिविर में डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा व्यक्तिगत स्वच्छता का पूरा ख्याल रखना चाहिए। खाना बनाने या खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से धोना चाहिए। नाखूनों को समय पर काटें, दांतों की सफाई रोज करें। इस तरह की छोटी-छोटी आदतों से हम कई बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं। स्वस्थ जीवन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता बेहद जरूरी है। इसी दौरान उन्होंने कहा एनीमिया से बचाव के लिए पौष्टिक खाना खाएं ताकि शरीर में खून की कमी न हो। भोजन में ऐसी चीजों को शामिल करें जिनमें भरपूर प्रोटीन हो। उन्होंने कहा आयुर्वेदिक दवाइयों के सेवन से भी एनीमिया पर रोकथाम लगाई जा सकती है, इसलिए इनका नियमित रूप से इस्तेमाल करें। शिविर में 120 विद्यार्थियों को मुफ्त आयुर्वेदिक दवाइयां दी गईं।