हीरानगर में अवैध पार्किंग बन रही लोगों के लिए परेशानी। - सवांद
- फोटो : KATHUA
हीरानगर। हाईवे किनारे सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। खास तौर पर शादियों के मौसम के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ने से दिक्कतें और भी बढ़ गई हैं। ज्यादातर दो पहिया वाहन चालक अपनी बाइक या स्कूटी बेतरतीब ढंग से सर्विस लेन पर लगा कर चले जाते हैं। जिसकी वजह से लोगों का फुटपाथ पर चलना भी मुश्किल हो जाता है।
अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी होने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम लोगों को तो परेशानी होती ही है दुकानदारों को भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। चड़वाल, दयाला चक में सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की मांग लोगों ने कई बार की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
दयाला चक में एक बैंक के बाहर अवैध पार्किंग के कारण यहां से बाइक का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने और स्थानीय दुकानदारों ने कई बार यातायात विभाग के अधिकारियों से इस बारे में बात की लेकिन अवैध पार्किंग करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। राजकुमार ने कहा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर बाइक सवारों का चालान काटने वाली यातायात पुलिस का काम जाम मुक्त सड़क उपलब्ध कराना भी है।