कठुआ। लखनपुर पुलिस ने नए टोल प्लाजा के नजदीक पशु तस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया। रविवार देर रात पुलिस ने वाहन को जांच के लिए रोका, जिससे 12 पशु बरामद किए गए। वहीं मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए पशुओं को मुक्त कर दिया गया है।
एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल के निर्देश पर पीएसआई स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में लखनपुर पुलिस की टीम ने नाका जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को जांच के लिए रोका। ट्रक लखनपुर से कश्मीर घाटी की ओर जा रहा था, जिसे मोहम्मद मारूफ निवासी कांसी पटटा रियासी चला रहा था। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान ट्रक में क्रूरता के साथ लादे गए पशुओं को बरामद किया गया। मामले में चालक को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर दिया है। इस संदर्भ में लखनपुर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।