बसोहली। आजादी का अमृत महोत्सव जन भागीदारी के तहत नगर कमेटी ने वार्ड 13 में कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें तहसीलदार अमन आनंद, एसडीपीओ शाजिया मीर, नगर कमेटी अध्यक्ष सुमेश सपोलिया, ईओ पीआर सांगडा, उपाध्यक्ष अभिनव राजदान और सभी वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।
इस मौके पर नगर कमेटी अध्यक्ष ने जानकारी दी कि नगर कमेटी बेरोजगार युवाओं को सात प्रतिशत ब्याज पर दो लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अपील की कि इस मौके का लाभ अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार के लिए उठाएं। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के बारे में कहा कि जन भागीदारी के साथ आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 27 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर तक अलग-अलग गतिविधियों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में ईओ पीआर संगड़ा ने बताया कि 27 और 28 सितंबर को कचरा अलग करो अमृत दिवस, 29 और 30 सितंबर को सार्वजनिक शौचालय सफाई जन भागीदारी उत्सव, 2 व 3 अक्टूबर को सफाई मित्र सम्मान समारोह, आदि विषयों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। उपाध्यक्ष अभिनव राजदान ने कहा कि रविवार से जो लोग कचरा खुले में डाल देते हैं, वे खुले में न डालकर घर के कूड़ेदान में ही रखें। और, सोमवार को जब कचरा उठाने वाला वाहन आता है, तो उसमें डाल दें। इससे स्वच्छता बनी रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित तहसीलदार ने भी स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जितना आप नगर कमेटी के साथ सहयोग करेंगे, उतना ही बेहतर नगर कमेटी के कर्मी काम करेंगे। कोरोना काल में कर्मियों ने फ्रंट वर्कर के तौर पर काम किया है। लोगों के सहयोग से कोविड बसोहली में बहुत कम फैला। स्वच्छता की शुरुआत सबसे पहले अपने घर से करनी होगी। स्वच्छता से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। यहां तक कि वातावरण को भी केवल स्वच्छता से ही सुरक्षित रख सकते हैं।