जिली विभाग के कर्मचारियों को आयुर्वेदिक रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली दवाओं के बारे में जानक
- फोटो : KATHUA
कठुआ। लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर उन्हें कोरोना की महामारी से बचाने के लिए आयुष विभाग के प्रयास जारी हैं। बुधवार को विभाग की ओर से बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता कार्यालय में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. अजय टिक्कू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने विभाग के कर्मचारियों और वहां उपस्थित अन्य लोगों को कोरोना से बचाव में आयुर्वेदिक दवाओं के उपयोग की जानकारी देकर करीब 170 लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली दवाएं दी।
डा. दीपक शर्मा ने लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी देते हुए कहा कि अगर हमें इस महामारी से बचना है, तो हमें भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना होगा। किन्हीं कारणों से हमें जाना भी पड़े तो हमारा दायित्व है कि वहां सरकार की ओर से सुझाए गए सभी नियमों का पालन करें। इसके अलावा विभाग की ओर से दी गई दवाएं नियम के अनुसार प्रयोग करें। ताकि हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और हम कोरोना के संक्रमण से बच सकें। हमें अपने शरीर को चुस्त दुरुस्त बनाए रखने के लिए दैनिक जीवन में योग और व्यायाम को भी शामिल करना होगा। इससे हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। वहीं, इस मौके पर मौजूद बिजली विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता भारत भूषण शर्मा ने आयुष विभाग के द्वारा उनके कर्मचारियों को दवाएं वितरित करने पर आभार जताते हुए कहा कि आवश्यक सेवा के दायरे में आने वाले उनके विभाग के कर्मचारियों का आम लोगों के साथ सबसे ज्यादा संपर्क होता है। जिसके कारण उनके संक्रमित होने के अवसर भी ज्यादा होते हैं। आयुष द्वारा उपलब्ध कराई गई दवाओं के उपयोग से कर्मचारियों की रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और वह अपनी सेवाएं भी जारी रख पाएंगे।