बिलावर। लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिलावर में विशेष ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया। इस दौरान लोगों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच कर दवाइयां वितरित की गई। बिलावर के टाउन हॉल में आयोजित किए गए स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ जिला विकास परिषद बिलावर के सदस्य विक्रम सिंह ने किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 709 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और 150 लोगों के आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाए गए। जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क दवाइयां भी दी गई। मेले के दौरान लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई योजनाओं के बारे में बताया गया और लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई। इस अवसर पर लगाए गए स्टालों में स्वास्थ्य विभाग के मुलाजिमों की ओर से लोगों को गर्भावस्था एवं प्रसव कालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन संबंधी साधनों, जन्म पंजीकरण परामर्श, बच्चों में डायरिया और निमोनिया की रोकथाम के साथ टीवी, मलेरिया डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ और अन्य कई प्रकार की बीमारियों की जानकारी दी गई। मेले में आयुष विभाग की ओर से लोगों को आयुर्वेदिक दवाइयां भी उपलब्ध गई। मेले में डुग्गर कलाकारों की ओर से डोगरी भाषा में नाटक प्रस्तुत किया गया। सुबह 10:00 बजे से शुरू हुआ स्वास्थ्य मेला दोपहर बाद तक जारी रहा। इस अवसर पर एडीसी बिलावर संदेश कुमार शर्मा, तहसीलदार बिलावर पंकज शर्मा, बीएमओ बिलावर डॉ गंगाराम, स्वास्थ्य विभाग के कई डॉक्टरों सहित इलाके के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।