संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नशे के खिलाफ जागरूकता और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन 4 अक्टूबर को एक जिला स्तर मैराथन करवाने जा रही है। यह मैराथन जिला प्रशासन द्वारा द सीजन प्ले (टीएसपी) के सहयोग से की जा रही है। इसमें युवा तीन किलोमीटर, पांच किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ में अपने दम दिखाएंगे।
मैराथन की तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। मैराथन में युवा, विद्यार्थी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आम नागरिक भाग ले सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य दौड़ के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। प्रशासन द्वारा जारी विवरण के अनुसार, इस मैराथन को मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में रखा गया है। 3 किमी, 5 किमी और 10 किमी में विभाजित श्रेणी में समाज के हर आयु वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। 3 किमी दौड़ में सब-जूनियर (10 वर्ष से कम), जूनियर (10-14 वर्ष), युवा (15-18 वर्ष से कम) और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए ''''फन रन'''' शामिल है। 5 किमी वर्ग में 14 वर्ष से कम, 14-17 वर्ष, 18-39 वर्ष, मास्टर्स (40-49 वर्ष), वेटरन्स (50-59 वर्ष) और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के वर्ग तय किए गए हैं। वहीं, मुख्य 10 किमी स्पर्धा को 18-30 वर्ष, मास्टर्स (31-40 वर्ष), वेटरन्स (41-50 वर्ष), ग्रैंड वेटरन्स (51-59 वर्ष) और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की प्रतिस्पर्धात्मक श्रेणियों में बांटा गया है। सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल, आधिकारिक टी-शर्ट और ई-प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि विजेताओं के लिए विशेष पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है।
मैराथन के मार्ग (रूट) को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश तय किए हैं, जिसमें सभी दौड़ कठुआ स्टेडियम से शुरू होकर वहीं समाप्त होंगी। 3 किमी धावक स्टेडियम (0 किमी) से प्रस्थान कर 1 किमी पर स्थित हाइड्रेशन पॉइंट पार करते हुए भगवान श्री परशुराम चौक (1.5 किमी) से यू-टर्न लेकर वापस स्टेडियम पहुंचेंगे। 5 किमी के प्रतिभागी परशुराम चौक और 2.5 किमी पर स्थित हाइड्रेशन स्टेशन से आगे बढ़ते हुए के.के. बिड़ला पार्क के बाहर बने टर्निंग पॉइंट (2.5 किमी) से वापस लौटेंगे, जहां एक प्राथमिक चिकित्सा (मेडिकल) पॉइंट भी स्थापित किया गया है। लंबी दूरी की 10 किमी स्पर्धा के धावक कालीबाड़ी चौक से मुड़ते हुए ड्रीमलैंड चौक मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। मार्ग पर 5 किमी के बिंदु पर विशेष हाइड्रेशन व मेडिकल सहायता उपलब्ध रहेगी। 10 किमी धावकों का अंतिम टर्निंग पॉइंट ला पिनोज पिज्जा के बाहर, शुरुआती बिंदु से ठीक 5 किमी की दूरी पर निर्धारित किया गया है, जहां से प्रतिभागी उसी मार्ग से होते हुए कठुआ स्टेडियम में अपनी दौड़ पूरी करेंगे।