हीरानगर। हरिया चक क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने की कोशिश की गई तो इसके विरोध में महिलाएं आगे रहेंगी। यह चेतावनी हरिया चक की नायब सरपंच सुमनलता ने दी है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर इस क्षेत्र में शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे।
आगे उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं एकजुट हैं और जबरदस्ती दुकान खोलने की कोशिश की तो सबसे पहले महिलाएं मोर्चा संभालेंगी। हम अपने बच्चों का भविष्य शराब के नशे में नहीं डूबने देंगे। हाल ही में मढ़ीन और हरिया चक में शराब की दो दुकानें खोलने की अनुमति मिली है। जिन कारोबारियों ने यह टेंडर लिया है, वह दुकानें खोलने की तैयारी में लग गए हैं। हम उनकी यह कोशिश कामयाब नहीं होने देंगे। उन्होंने यह चेतावनी भी दी की दुकानें खोलने के लिए कोई जोर जबरदस्ती की गई तो महिलाएं आंदोलन करेंगी।