बिलावर। उपमंडल के दूरदराज दियौता में तेंदुए ने 70 भेड़ों को अपना शिकार बना कर मार डाला। यह हादसा शुक्रवार दोपहर को हुआ जब गांव के कई पशुपालक अपनी भेड़ों को चराने के लिए पंचायत के मोहल्ला खबी में गए हुए थे। ब्लॉक के चेयरमैन निशा ठाकुर ने बताया कि 8 पशु पालकों की करीब 70 भेड़ों को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया है, जिससे पशुपालन के सहारे गुजर बसर करने वाले पशुपालकों के ऊपर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ब्लॉक चेयरमैन और पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पशुपालक रमेश सिंह, जगदीश राज, गुलशन सिंह, अमीरचंद, मेजर सिंह, जीवन सिंह, परमजीत सिंह, सागर सिंह की लाखों रुपये की भेड़ो की मौत हो गई है, जिससे सभी पशुपालक आर्थिक तंगी से जूझने को मजबूर हो गए हैं। इलाके में कई तेंदुए मौजूद हैं और कई बार तेदुओं को कई शावकों के साथ इलाके में घूमते हुए देखा जा सकता है। बताया कि रात के समय तेंदुआ को इलाके के पास की पहाड़ी पर गुर्राते हुआ सुना जा सकता है। इलाके में कई तेंदुए मौजूद होने से इलाके के सारे लोग सहमे हुए हैं और इलाके के अन्य कई पशुपालकों के दिलों में डर बना हुआ है। ब्लॉक चेयरमैन और इलाके के अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि जिन पशुपालकों की भेड़ों को तेंदुए ने मौत के घाट उतारा है उनके नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए और उन्हें जल्द से जल्द सहायता राशि प्रदान की जाए। साथ ही वन्यजीव विभाग इलाके में मौजूद तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द गांव में पिंजरे स्थापित करे। इस संबंध में वन्यजीव विभाग के रेंज अधिकारी राजकुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है, वन्यजीव विभाग की टीम को मौके पर जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इलाके का निरीक्षण करने के बाद अगर जरूरत पड़ी तो तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे भी स्थापित कर दिए जाएंगे।