कठुआ। देश में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच कठुआ जिले में कोविड टीकाकरण को और तेज कर दिया गया है। 15 से 17 आयुवर्ग के लिए जहां निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा चुका है।
वहीं 12 से 14 आयु वर्ग में दूसरी डोज हासिल करने वालों के आंकड़ों में भी तेजी आई है। अब तक जहां 94 फीसदी से अधिक इस आयु वर्ग के बच्चे कोरोना से बचाव की पहली डोज हासिल कर चुके हैं। वहीं दूसरी डोज 13 प्रतिशत बच्चों को लगाई जा चुकी है। स्कूलों के खुलने के बाद कोरोना प्रसार को रोकने के लिए इस वर्ग का टीकाकरण बेहद अहम माना जा रहा है। बुधवार को जिले में 3934 बच्चों को कोरबावैक्स की दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों में जाकर अभियान को अंजाम देने में जुटी हुई हैं। उधर, विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह है। स्कूलों में पहुंचकर भी बच्चे पहली या दूसरी डोज हासिल कर खुद को सुरक्षित करने के संबंध में चर्चा करते नजर आते हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ नीरज नागपाल ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान तेजी से जारी है। उन्होंने अपील की है कि जिस वर्ग की एहतियाती या पहली दूसरी डोज लगाने का समय है वे जल्द से जल्द इसे लगवाकर खुद को और दूसरों को भी सुरक्षित करें।