जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही कठुआ प्रीमियर लीग (केपीएल) सीजन तीन की खिताबी भिड़ंत आज होगी। रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में जहां यंगस्टर्स को हराकर स्टेडियम इलेवन ने फाइनल में प्रवेश कर लिया, वहीं दूसरे सत्र के मैच में सरदारी इलेवन ने विक्की इलेवन को हराकर खिताब पर अपनी दावेदारी ठोक दी। रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर स्टेडियम इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए।
25 ओवर के मैच में प्रशांत ने चालीस गेंदों में तीस और शिवदत्त ने 15 गेंदों में 23 रन का योगदान दिया। यंगस्टर्स से मॉंटी ने 22 रन देकर दो और आशु ने 30 रन देकर दो खिलाड़ी आउट किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे यंगस्टर्स इलेवन की शुरुआत खराब रही।
शिवदत्त ने घातक गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर तीन और हिमांशु ने 23 रन देकर तीन विकेट चटका दिए। विजय ब्रावो ने 22 और रोहित ने 19 रन बनाए। नतीजतन यंगस्टर्स इलेवन पर स्टेडियम इलेवन ने 93 रन की बड़ी जीत दर्ज की। शिवदत्त को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में विक्की इलेवन ने पहले बल्लेबाजी की।
शुरुआती झटकों की वजह से विक्की इलेवन के लिए संकट बन गया, लेकिन गगन ने 46 और बंटी ने 30 रन से टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचा दिया। 25 ओवर में टीम ने 115 रन बना दिए। सरदारी ने पांच ओवर में 29 रन देकर हेट्रिक सहित पांच विकेट चटकाए। इसी तरह से वरुण ने चार ओवर में दो खिलाड़ी आउट किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे सरदारी इलेवन के खिलाड़ियों ने ताबड़तोड़ रन बनाने शुरू कर दिए। अक्षय ने 54 गेंदों में 84 रन बनाए, जबकि मुनीष ने 16 रन का योगदान दिया। नतीजतन टीम ने सेमीफाइनल मैच को सात विकेट से जीत लिया। अर्जुन और सुनील ने एक एक विकेट हासिल किया। सरदारी और अक्षय को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया।