लखनपुर और विजयपुर में सक्रिय हुआ चौबीस घंटे का नाका
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से चलने वाली वार्षिक झिड़ी यात्रा को लेकर हाईवे गुलजार होने लग गया है। मेले के लिए दूसरे राज्यों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने का सिलसिला तेज होने लगा है। इससे जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार पर रौनक बढ़ने लगी है। निजी छोटे और बड़े वाहनों के आने कासिलसिला भी तेज हो गया है। ट्रकों और लोड कैरियर में भी पूरी तरह से भर-भर कर श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। लेकिन यातायात विभाग ने लखनपुर और विजयपुर में चौबीस घंटे सक्रिय रहने वाले अपने नाके सक्रिय कर दिए हैं।
ऐतिहासिक झिड़ी मेला 15 नवंबर को है। लेकिन इसके सप्ताह भर बाद तक भी भक्तों के आने का सिलसिला चलता रहता है। इसके चलते लखनपुर हाईवे से लेकर जम्मू तक श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में वाहनों के कारण हाईवे पर जमावड़ा रहेगा। सोमवार को लखनपुर में श्रद्धालुओं की वजह से भारी रौनक रही, खासकर दाल बड़े बेचने वालों के लिए तो यह मेला दुकानदारी बढ़ाने वाला रहा। यातायात विभाग ने लखनपुरकॉरिडोर पर तैनाती सुनिश्चित करते हुए नियमों को अमल में लाने का काम तेज कर दिया है। पूर्व परंपरा की तरह ही पंजाब की ओर से मालवाहक वाहनों में आ रहे श्रद्धालुओं को उतारकर यात्री बसों में जाने की हिदायत दी जा रही है। कहीं कोई कोताही न हो इसके लिए विजयपुर में एक और नाका जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थापित किया गया है।
कार्तिक पूर्णिमा को झिड़ी मेले के साथ साथ बड़ी संख्या में अलग अलग बिरादरियों की मेल के कारण अलग-अलग देव स्थानों पर लोगों के प्रदेश के बाहर से आने का सिलसिला भी तेज होने जा रहा है। अगले कुछ दिनों में पंजाब सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालु अपने-अपने देवताओं के मंदिरों में परिवार सहित पहुंचेंगे।