महानपुर। श्रीकृष्ण अष्टमी के पर्व पर तहसील बनी के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। इसके साथ साथ कस्बे में स्थानीय लोगों द्वारा राधा-कृष्ण की झांकी निकाली गई। इस दौरान आने जाने वाले लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
सोमवार को श्रीकृष्ण अष्टमी के अवसर पर मंदिरों में लोगों ने कोविड एसओपी का पालन करते हुए पूजा अर्चना की। इस मौके पर झांकी भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। झांकी श्री कृष्ण मंदिर से शुरू होकर पूरे कस्बे से होती हुई वापस मंदिर पहुंची।
झांकी के दौरान आने जाने वाले लोगों को प्रसाद भी बांटा गया। वहीं दूसरी ओर ब्रह्मर्षि अनंत विद्यापीठ हाई स्कूल के बच्चों ने श्रीकृष्ण अष्टमी धूमधाम से मनाई। इस मौके पर कीर्तन का आयोजन किया। स्कूल चेयरमैन स्वामी विष्णु प्रिया, प्रधानाचार्य हरि सिंह, उप प्रधानाचार्य नरेश कुमार शर्मा ने श्रीकृष्ण अष्टमी के महत्व पर प्रकाश डाला। संवाद