कठुआ। समाज कल्याण विभाग की तरफ से भिक्षावृत्ति और बाल श्रम के खिलाफ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को अभियान जिले के बाजारों में चलाया गया। जिसमें पांच बच्चों को बाल श्रम से मुक्त करवाया गया।
बता दें, वीरवार को अभियान की शुरूआत लखनपुर से की गई थी। इसमें भी पांच बच्चों को भीख मांगने के चलते मुक्त करवाया गया था। अब तक कुल 10 बच्चों को पुनर्वास केंद्र पलाश में भेजा जा चुका है।
शुक्रवार को यह अभियान समाज कल्याण विभाग के अलावा श्रम विभाग, स्वास्थ्य और बाल सहायता लाइन के साथ मिलकर चलाया गया। अभियान के दौरान मुक्त करवाएंगे पांच और बच्चों को समाज कल्याण विभाग द्वारा उनकी मेडिकल जांच के बाद उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सभी बच्चों को पुनर्वास के लिए पलाश भेज दिया गया।
वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर को बाल श्रम मुक्त बनाना है। जिसके तहत जागरूकता फैलाने के साथ-साथ बाल श्रम कराने वाले आदतन अपराधियों को पकड़ कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभाग ने शहरवासियों से सक्रिया भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अगर शहर और आसपास इलाकों में कोई भी बच्चों से श्रम करवा रहा है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें ताकि समय रहते उन्हें बचाया जा सके। यह अभियान जिले के विभिन्न इलाकों और शहरों में आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।