कठुआ। जिले के उपजिला अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती होने वाले मरीजों की सुविधा के लिए नए बेडों और गद्दों को लगाया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए परोल, बिलावर और हीरानगर स्थित उपजिला अस्पतालों में आवश्यक सामान भेज दिया है।
जारी प्रक्रिया के तहत जम्मू कश्मीर मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से उपलब्ध कराए गए 80 बेड का वितरण किया जा रहा है। इसमें जिला स्वास्थ्य विभाग ने हीरानगर उपजिला अस्पताल और बिलावर उपजिला अस्पताल में 30-30 बेड और बिस्तर भेज दिए हैं, जबकि उपजिला अस्पताल परोल में 20 बेड और इतने ही बिस्तर भेजे जा रहे हैं।
इस बारे में जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने बताया कि उपजिला अस्पतालों को नए बेड उपलब्ध कराया जाना नियमित व्यवस्था का हिस्सा है। उपजिला अस्पतालों की जरूरत को देखते हुए नए बेड उपलब्ध कराए जाने के बारे में विभाग को लिखा गया था जो अब उपलब्ध हो गए हैं। जिन्हें उपजिला अस्पतालों में भेजा रहा है।