कठुआ। शहर के वार्ड 18 में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का निदान किए जाने के बजाय विभाग के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति को ही बंद कर दिया है। इससे भीषण गर्मी के मौसम में लोग परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय योगेश कुमार ने विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कहा कि ट्रांसफार्मर से तेल के चोरी होने का पता सुबह तब चला, जब बिजली विभाग का कर्मचारी ट्रांसफार्मर की नियमित जांच के लिए वहां आया। ट्रांसफार्मर से तेल को टपकते देख जांच की तो पता चला कि चोरी हो चुका है। इसके बाद बिजली की सप्लाई को बंद कर दिया। अब 12 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति को बहाल नही किया गया है। इससे यहां रहने वाले 50 के करीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, राकेश ने बिजली ऑन रहने के दौरान ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने पर हैरानी जताते हुए कहा कि उक्त घटना सामान्य चोरी की नही है। इस चोरी को वहीं अंजाम नहीं दे सकता जिसे ट्रांसफार्मर के काम करने के तरीके के बारे में जानकारी हो। संभवत इस काम को किसी बिजली कर्मी ने ही अंजाम दिया हो सकता है। लिहाजा इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने मोहल्ले में बंद पड़ी बिजली की सप्लाई को तुरंत बहाल किए जाने की मांग की है।