पिछले 15 दिनों से ट्यूबवेल में हुई चोरी की घटना के बाद पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। खनियारा गांव में पिछले 15 दिनों से ट्यूबवेल में हुई चोरी की घटना के बाद पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इस गंभीर संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा और उन्होंने जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने गांव में स्थित ट्यूबवेल पर एकत्रित होकर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व सरपंच संसार सिंह ने कहा कि गांव में जलापूर्ति करने वाले टयूबवेल में करीब 15 दिन पहले केबल की चोरी हुई थी। इस घटना के बाद विधायक डॉ. भारत भूषण को समस्या से अवगत करवाया गया था और उन्होंने विभाग के कार्यकारी अभियंता से बात भी की थी। इसके बावजूद न तो चोरी की जांच हुई और न ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पहले ट्यूबवेल की केबल चोरी हुई और छह दिन बाद दोबारा हुई चोरी में ट्यूबवेल की मशीनरी चोरी हो गई। अब गांव की लगभग 500 की आबादी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। सृष्टा देवी ने कहा कि पानी न होने से घर के जरूरी काम निपटाना मुश्किल हो गया है। सीमा देवी ने बताया कि अब महिलाओं को रोजाना दो किलोमीटर पैदल चलकर डोल खड्ड से पानी लाना पड़ रहा है और यह उनके लिए रोज का संघर्ष बन चुका है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एक-दो दिन में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जल शक्ति विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि ट्यूबवेल में हुई चोरी की घटनाओं के लिए विभाग की लापरवाही जिम्मेदार है।