हीरानगर। गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल (जीएलडीएम) डिग्री कॉलेज के भूगोल विभाग ने कस्बे के नजदीक स्थित जसमेरगढ़ किला (किले वाली माता) के ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व को जानने के उद्देश्य से एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। कार्यक्रम कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रज्ञा खन्ना की देखरेख में और भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. नम्रता चौधरी के निर्देशन में किया गया।
कॉलेज प्रिंसिपल ने बताया इस शैक्षणिक दौरे का मुख्य उद्देश्य जसमेरगढ़ किले के ऐतिहासिक महत्व को समझना और काली माता मंदिर में उपलब्ध संरचनात्मक सुविधाओं का अध्ययन करना था। यह भ्रमण भूगोल के स्किल एनहांसमेंट कोर्स का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य छात्रों को पर्यटन गतिविधियों के बारे में जागरूक करना और यह समझाना है कि भौगोलिक कारक किसी पर्यटन स्थल को कैसे प्रभावित करते हैं।
छात्रों ने किले के आसपास की बस्तियों और वनस्पति का भी निरीक्षण किया। मंदिर के पुजारी से बातचीत कर किले और मंदिर की ऐतिहासिकता और पर्यटन संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान छात्रों ने वास्तविक फील्ड वर्क का अनुभव प्राप्त किया और व्यावहारिक ज्ञान हासिल किया।