हीरानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी पट्टा रसाना सड़क के किनारे झाड़ियां में फंसी कार में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक बेसुध हालात में मिला। गाड़ी की दो खिड़कियों के शीशे टूटे हुए थे और भीतर सामान बिखरा पड़ा था। शीशों पर टूटे अंडे के खोल और जर्दी भी लगी थी। इससे लूट की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह इस क्षेत्र से गुजर रहे कुछ लोगों ने झाड़ियां में फंसी कार (जेके08जी 2760) देखी। इसकी जानकारी उन्होंने स्थानीय नंबरदार कमल लाल को दी। नंबरदार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इस युवक को पहचान लिया और बताया कि इसका नाम साहिल शर्मा है जो हीरानगर मोड़ पर मोबाइल की दुकान चलाता है। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे उठाने की कोशिश की लेकिन उसने होश नहीं था। तुरंत उसे उप जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टर ने उसे जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार साहिल वीरवार रात को जम्मू से अपने घर हीरानगर लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल भी बंद था। आखिरी लोकेशन विजयपुर के आसपास की ट्रेस हुई। इसके बाद उसके परिजनों ने उस इलाके में पुलिस चौकियों में भी संपर्क किया और रात भर पूरा परिवार और साहिल के दोस्त उसे ढूंढने में जुटे रहे। शुक्रवार सुबह उसकी गाड़ी इस इलाके में मिली, जिसमें वह बेसुध पड़ा था। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए, जिसके बाद गाड़ी को थाने ले जाया गया।
अस्पताल में युवक का हाल जानने पहुंचे विधायक विजय शर्मा ने कहा कि अभी साहिल की हालत बयान देने के लिए सही नहीं है लेकिन घटनास्थल से मिली जानकारी और गाड़ी की हालत से लगता है कि यह लूट का मामला है। यह भी हो सकता है कि पहले उसका अपहरण किया गया हो और फिर यहां उसे लूटा गया हो। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।