उज्ज दरिया की बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों के नुकसान की जानकारी लेने के बाद सरकार से फौरी तौर पर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत देने की मांग की।
मंगलवार को छब्बा चक क्षेत्र में दौरा करने पहुंचे पूर्व एमएलसी ने कहा कि गत दिवस उज्ज दरिया में आई बाढ़ के कारण घाटी से लेकर छब्बा चक और कोटप़ुन्नू इलाके में हजारों कनाल कृषि योग्य भूमि बंजर में तब्दील हो गई। बाढ़ में यहां किसानों द्वारा लगाई धान की फसल पूरी तरह से तबाह हो चुकी है।
वहीं पूरी कृषि योग्य भूमि अब पत्थर से भरी खड्ड में तब्दील हो चुकी है। जिस पर अब भविष्य में भी खेती कर पाना संभव नहीं होगा। इसके अलावा दरिया के साथ लगने वाले कई गांवों में लोगों के घरों सहित माल मवेशी का नुकसान हुआ है। ऐसे में इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सरकार द्वारा तुरंत राहत दिए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हुए नुकसान के संबंध में जल्द उपराज्यपाल से मिलकर प्रभावितों को राहत देने के साथ इस तरह की स्थिति से बचने के लिए पुख्ता प्रबंध करने की मांग करेंगे।
कोटपुन्नू के सरपंच विनय शर्मा ने गत दिवस बाढ़ से हुए नुकसान के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि दरिया के साथ सटे क्षेत्रों में पहले बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा जगह-जगह क्रेट और बांध बनाए जाते रहे हैं, लेकिन पिछले तीन चार साल से यह काम पूरी तरह से बंद हो चुका है।