शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम को स्वतंत्रता दिवस पर होने वाली परेड के लिए तैयार करते ग्राउंड स्टाफ क?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। देश की आजादी का जश्न मनाने के लिए जिले में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गईं। पहले दिन स्टेडियम में पुलिस बलों की चार टुकड़ियों ने परेड का अभ्यास किया। वहीं, दिन भर जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के कर्मचारी मैदान को समारोह के लिए तैयार करने लगे रहे।
कोरोना के दौर में होने वाले इस समारोह के संबंध में सहायक आयोजक मास्टर मोहन लाल डब्ब ने बताया कि स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर होने वाले समारोह में इस बार कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए कड़े इंतजाम होंगे। स्कूलों के बंद होने के कारण इस परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों की संख्या में कमी रहेगी। इसके बावजूद, कार्यक्रम को सुरक्षित और शानदार बनाने में कोई कसर नही छोड़ी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को समारोह के लिए गठित की गई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन कमेटी की बैठक में इस दौरान होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी। इसके अलावा समारोह को सुरक्षित बनाए रखने के लिए इस कार्यक्रम में केवल उन्हीं लोगों को शामिल होने की अनुमति है, जिनका टीकाकरण हो चुका है। चाहे वह प्रतिभागी हो या फिर दर्शक। जिसके लिए प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में रिहर्सल में अन्य टुकडियां भी शामिल होगी।