प्रदेश में पहले हाईवे विलेज का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे की जद में आने की आशंका के चलते परियोजना को लंबित रखा गया था, लेकिन भू अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होने और परियोजना से दूरी को देखते हुए अब हाईवे विलेज कठुआ का काम शुरू करने की तैयारी है।
पहले एजेंसी की ओर से निर्माण के बाद हाईवे विलेज को चलाया जाना था, लेकिन पूर्व में किए गए टेंडरों का रिस्पांस न मिलने पर अब सरकार ने हाईवे प्राधिकरण को ढांचे तैयार करने और फिर सबलेट करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए टेंडरिंग प्रक्रिया इसी माह कर दी जाएगी। साथ ही हाईवे प्राधिकरण उधमपुर में भी हाईवे विलेज को लेकर जहां काम को आगे बढ़ाने की तैयारी है, वहीं प्रदेश का तीसरा हाईवे विलेज टिकरी में प्रस्तावित है।
वर्ष 2019 में जनवरी के अंत में पीमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कठुआ शहर से सटे लोगेट (सहार खड्ड) में देश के पहले हाईवे विलेज का नींव पत्थर रखा था। इसके बाद हाईवे प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी एक्सप्रेस वे परियोजना को लेकर काम आगे बढ़ने से इस परियोजना को टाल दिया गया था। छह लेन एक्सप्रेव की भू अधिग्रहण प्रक्रिया का काम तेजी से जारी है, जिसमें ग्रीन और ब्राउन फील्ड में भू अधिग्रहण प्रक्रिया अंजाम दी जाएगी। हाईवे प्राधिकरण की ओर से भू अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान हाईवे विलेज के लिए चयनित जमीन को क्लीयरेंस दे दी गई है। ऐसे में इसका काम इसी माह शुरू किया जा रहा है। इसे लेकर उच्च स्तरीय बैठक में फैसला ले लिया गया है।
110 कनाल में बनेगा, डेढ़ वर्ष में पूरा होगा काम
हाईवे विलेज परियोजना का लाभ हाईवे पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों को होना है, जिन्हें एक ही स्थल पर 27 सुविधाएं मिलेंगी। हाईवे प्राधिकरण ने 110 कनाल जमीन पर इस हाईवे विलेज को तैयार करने के लिए चारदीवारी का काम भी करवाया है। तय योजना अनुसार डेढ़ वर्ष में इसका काम पूरा किया जाना है। जम्मू और आगे के स्थलों के साथ ही माता वैष्णो देवी के दर्शन और अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले हजारों तीर्थ यात्रियों के लिए यह आकर्षण का केंद्र होगा।
हाईवे प्राधिकरण के परियोजना निदेशक अजय कुमार रजक ने बताया कि पूर्व में करवाए गए टेंडरों में निर्माण से लेकर योजना को एक सीमित अवधि तक ठेकेदार की ओर से ही चलाए जाने का प्रावधान था जिसका रिस्पांस नहीं मिला है। ऐसे में अब सरकार हाईवे विलेज का निर्माण कर इसे टेंडर के जरिए अलॉट करेगी ताकि बेहतरीन सुविधाएं यहां रुकने वाले लोगों को मिल सकें। हाईवे विलेज का कंसेप्ट विदेशों की तर्ज पर पहली बार देश में लाया गया है। इसमें सबसे पहले निर्माण के लिए कठुआ जिले में ही नींव पत्थर रखा गया है।
हाईवे विलेज में यह होंगी सुविधाएं
- फूड कोर्ट रेस्तरां
- ट्रक चालकों के लिए ढाबा
- रिटेल शॉप्स, स्टोर क्योस्क
- टूरिस्ट इंफॉरमेशन क्योस्क
- विलेज हार्ट ग्राम बाजार
- मोटल रूम्स फॉर शार्ट स्टे
- ड्राइवरों के लिए डारमेट्री
- ओपन एयर रेस्ट एरिया बेंच एवं टेबल्स के साथ
- शौचालयों की सुविधा
- बेबी केयर रूम
- पीने का पानी
- बच्चों के खेलने के लिए अलग पार्क
- ट्रक चालकों के लिए खाना बनाने एवं कपड़े आदि धोने की सुविधा
- पेट्रोल पंप की सुविधा, कार वॉश, पंक्चर, रिपेयर, प्रदूषण चेकिंग केंद्र
- कार व बस के लिए अलग पार्किंग
- ट्रक पार्किंग
- वाहन रिपेयर शॉप
- स्पेयर पार्ट्स शॉप्स
- प्राथमिक उपचार बॉक्स
- डॉक्टर को कॉल पर तत्काल बुलाने की सुविधा
- मेडिकल क्लीनिक
- इंटरनेट सुविधा केंद्र
- एटीएम
- इमरजेंसी टेलीफोन कनेक्शन
- स्मोकिग जोन
- हेलीपैड
- टेलीफोन टॉवर
जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों के लिए बेहतरीन सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रदेश के पहले हाईवे विलेज का कठुआ में काम जल्द शुरू होने जा रहा है। एक्सप्रेस वे के भू अधिग्रहण के चलते यह कार्य रुका हुआ था। अब काम शुरू करवाए जाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही उधमपुर में भी हाईवे विलेज बनाया जाएगा। टिकरी में प्रदेश के तीसरे हाईवे विलेज का प्रस्ताव रखा गया है।
-डॉ. जितेंद्र सिंह, पीएमओ राज्यमंत्री