जिले में तीसरे चरण के डीडीसी और पंचायती उपचुनाव भी शांतिपूर्वक शुक्रवार को संपन्न हो गए। चुनाव वाले दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 62.18 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसमें बसोहली डीडीसी निर्वाचन क्षेत्र में 62.09 और बिलावर में 62.29 फीसदी मतदान हुआ। मतदान करने वालों में महिला मतदाताओं की संख्या परुष मतदाताओं से अधिक रही। दिव्यांग और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में मतदान के लिए केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
डीडीसी निर्वाचन क्षेत्रों में 62.18 फीसदी, सरपंच चुनाव में 71.90 और पंच चुनावमें 70.35 फीसदी वोट डाले गए। जिले में पहले दो चरणों के चुनावों ही तरह तीसरे चरण में भी मतदाताओं में जोश वैसा ही बरकरार रहा। शुक्रवार को बसोहली और बिलावर निर्वाचन क्षेत्र के 113 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई। सुबह से ही कई जगह मतदान केंद्रों के बाहर कतारें लगी नजर आईं। हालांकि अधिकतर मतदाता सुबह 11 बजे के बाद मतदान के लिए निकले। कई मतदान केंद्रों पर दो बजे के बाद भी कतारें लगी रहीं।
डीडीसी निर्वाचन क्षेत्र बसोहली और बिलावर के साथ-साथ मतदाताओं ने बसोहली निर्वाचन क्षेत्र के हट्ट में सरपंच, खड्डी में पंच के लिए वोट डाले। पलाही में पंच को निर्विरोध जीता घोषित किया जा चुका है। उधर, बिलावर के ढेर में सरंपच, वार्ड सात धराल्ता में पंच उम्मीदवारों को लेकर मतदान किया। जानू में पंच को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया है।
जिला पंचायत चुनाव अधिकारी ओम प्रकाश भगत ने बताया कि डीडीसी और पंचायत उपचुनाव में तीसरे चरण के चुनाव भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गए हैं। उन्होंने बतायाकि तीसरे चरण के डीडीसी निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 51 हजार 611 मतदाताओं में से 32084 मतदाओं ने अपने मताधिकार काप्रयोग किया है। जिनमें 15649 पुरूष और 16445 महिला मतदाता शामिल रहे। वहीं सरपंच की सीटों के लिएकुल 3694 मतदाताओं में से 2656 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। पंच सीटों के लिए 317 में से 223 मतदाताओं ने मतदान किया।
प्रामइरी स्कूल दौन में पड़े सबसे अधिक वोट
डीडीसी और पंचायत उपचुनाव में अबतक की सबसे अधिक वोटिंग प्राइमरी स्कूल दौन में दर्ज की गई है। हट्ट पंचायत के इस मतदान केंद्र में 90.76 फीसदी मतदान हुआ। 552 में से 501 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में 28 नवंबर और एक दिसंबर को पहले और दूसरे चरण में किसी भी मतदान केंद्र में इतने मतदाता नहीं पहुंचे थे।
थ्री टियर पंचायती राज सिस्टम के लिए दिया वोट
सुबह सात बजे ही लोग मतदान के लिए घरों से बाहर निकलना शुरू हो गए थे। शुक्रवार सुबह पहले दो घंटे में डीडीसी निर्वाचन क्षेत्रों में 11.77 प्रतिशत तो वहीं सुबह 11 बजे तक 31.66 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दोपहर एक बजे तक मतदान का आंकड़ा 50 फीसदी को पार कर गया। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 53.60 फीसदी वोट डाले जा चुके थे।
ढाई बजे से नतीजे घोषित होने हो गए शुरू
दोपहर दो बजे के बाद भी जहां कई मतदान केंद्रों के बाहर कतारें लगी रहीं। वहीं पंच सीटों से नतीजे ढाई बजे से सामने आना शुरू हो गए। शाम ढलते तक पंचों की जीत के जश्न के बीच सरपंचों की जीत का जश्न भी शुरू हो गया। मतगणना केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की मौजूदगी भारी संख्या देखने को मिली। जीत के बाद जहां प्रत्याशियों को कंधे पर उठाकर मिठाइयां बांटी गई वहीं गांव गांव में विजय रैलियां भी निकाली गईं। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
शाम तक कठुआ पहुंचने लगीं पोलिंग पार्टियां
पंचायत उपचुनावों के नतीजों की घोषणा के बाद पोलिंग पार्टियों ने राजकीय डिग्री कॉलेज की ओर कूचकर दिया। डीडीसी चुनाव के बैलेट लिए कड़े सुरक्षा पहरे के बीच शाम से ही पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। डीडीसी चुनाव के बैलेट बाक्स राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के स्ट्रांग रूम में रखे जा रहे हैं।
पंचायत उपचुनाव
सीट विजेता
1 ढेर सरपंच
2 हट्ट सरपंच
3 खड्डी पंच किशोरी लाल
4 वार्ड सात धराल्ता पंच -