कठुआ। जम्मू-कश्मीर के आयुष निदेशक डा. मोहन सिंह के निर्देशानुसार जिले में विशेष शिविर के आयोजन का क्रम जारी है। बुधवार को जिला आयुष अधिकारी डा. अजय कुमार टिक्कू के मार्गदर्शन में नगरी क्षेत्र के सुमवां गांव में एचआईवी और मौजूदा दौर की महामारी कोरोना को लेकर एक शिविर में लोगों को जागरूक किया गया।
नेहरू युवा केंद्र और राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के दौरान आयुष मेडिकल आफिसर डा. संजीत कुमार ने लोगों को बताया कि अब तक एड्स का पूर्ण इलाज संभव नहीं हो सका है। जागरुकता से ही इस रोग से बचा जा सकता है और दवाईयों व समुचित इलाज से इसे बढ़ने से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज भी हमारे समाज में एड्स को लेकर कई तरह की भ्रांतियां है। हमें मिलजुल कर इसे दूर करना होगा। वहीं उन्होंने कोरोना के लिए लोगों को जागरूक किया। कहा कि सरकार की गाइड लाइन का पालन करें। कार्यक्रम के दौरान लोगों को 280 आयुर्वेदिक प्रतिरक्षा बढ़ाने वाली दवा वितरित की गई। वहीं कार्यक्रम में मौजूद नगरी ब्लॉक के बीडीसी अध्यक्ष खजान चंद ने शिविर के आयोजन पर विभाग का आभार जताया।