हीरानगर। कंडी क्षेत्र की पंचायत कूटा के सोहल गांव में कुएं का पानी पीने से बीमार हुए लोगों की हालत में अब सुधार है। उपजिला अस्पताल में रेफर की गई बुजुर्ग महिला का भी उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है और अब वह स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में बैठकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। समय-समय पर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ दवाइयां दी जा रही हैं।
बता दें कि कुएं का पानी पीने से बुधवार को लोगों के बीमार होने की खबर स्वास्थ्य विभाग को मिली। विभाग की टीम ने मौके पर जाकर 105 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इनमें 35 बीमार पाए गए, जिनका इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया। वीरवार को दूसरे दिन भी जांच की गई, जबकि कोई भी नया मामला सामने नहीं आया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. स्वामी शरण ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्टाफ के अलावा उप जिला अस्पताल से भी डॉक्टरों की टीम गांव में लगातार भेजी जा रही है। जब तक पूरी तरह से लोग ठीक नहीं हो जाते तब तक कुछ दिन टीम इसी तरह से लोगों के स्वास्थ्य की जांच करती रहेगी। एंबुलेंस की सुविधा भी दी गई है।
कुएं के पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए है, जिसकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। फिलहाल लोगों को कुएं का पानी न पीने की हिदायत दी गई और इसकी सफाई के बाद ही पानी इस्तेमाल करें।