महात्मा गांधी जच्चा बच्चा अस्पताल में प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के बीचोबीच स्थित महात्मा गांधी जच्चा-बच्चा अस्पताल में दिनोंदिन घट रही स्वास्थ्य सुविधा पर आम आदमी पार्टी ने कड़ा रोष जताया है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने अस्पताल को शहर के लोगों की आवश्यकता के अनुरूप विकसित करने की मांग की।
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एसके भंडारी ने कहा कि कभी पूरे शहर को स्वास्थ्य सुविधा देने वाले इस अस्पताल की आज ऐसी हालत है कि लगता है कि यह खुद बीमार है। अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए न बेड हैं और न मरीजों की देखभाल करने वाला स्टाफ। जिला के मुख्य अस्पताल को जीएमसी का दर्जा मिलने के बाद इस अस्पताल की ओर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। मुख्य स्वास्थ्य केंद्र में मात्र तीन बेड उपलब्ध हैं। जिस पर कई बार एक साथ दो से तीन मरीजों को भी भर्ती करना पड़ जाता है। इस बारे में जब अस्पताल में तैनात कर्मचारियों से बात की जाती है तो उनका जवाब होता है कि अस्पताल में कमरों का अभाव है जबकि अस्पताल के 70 प्रतिशत कमरों में आज भी ताला लगा हुआ है, जिसका चार साल पहले लाखों रुपया खर्च कर जीर्णोद्धार किया गया था। उन्होंने अस्पताल में कम से कम बीस बेड लगाने के साथ ही पर्याप्त स्टाफ तैनात करने की मांग उठाई। इस मौके पर विजय कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, राजा आदि उपस्थित रहे।