सफाई कर्मी 14 दिन से हड़ताल पर, सफाई व्यवस्था नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नियमित किए जाने की मांग को लेकर पिछले 14 दिन से जारी हड़ताल से शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। इसे हटाने के लिए अब तक प्रशासन और नगर परिषद की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है।
इससे आम लोग तो प्रभावित हो ही रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों की बढ़ी है, जिनके घर व दुकानें कचरे के ढेर के आसपास हैं। लोगों का कहना है कि हड़ताल के कारण जगह-जगह लगे कचरे के ढेर अब बीमारियों को आमंत्रण देने लगे हैं। मगर अब तक इसे हटाने के लिए कोई भी आगे नहीं आ रहा है।
दरअसल शहर से प्रतिदिन 40 टन कचरा निकलता है। शहर के मुखर्जी चौक, शहीदी चौक, जराई चौक, जिला पुलिस मुख्यालय के पास, जिला पशुपालन अधिकारी कार्यालय पारलीवंड पर बने डंपिंग प्वांइट पर इतना जमा हो गया है कि वह आधी सड़क को ही लील रहा है। यहां दिन भर मंडराने वाले मवेशी आवागमन में भी बाधा पैदा कर रहे हैं।
वहीं गलियों का हाल भी कम बेहाल नहीं हैं, जहां लोगों के पैदल चलने के लिए कई बार जगह नहीं मिल पा रही है। लोगों ने प्रशासन से जगह-जगह लगे कचरे के ढेरों से निजात दिलाने की मांग की है।
पिछले दो सप्ताह से जारी हड़ताल के चलते लगातार लोग कचरा गलियों में फेंक रहे हैं। इससे मुख्य बाजार के दुकानदार परेशान हैं। संकरी गली में फेंका जाने वाला कचरा दुकानों के आसपास पहुंच रहा है। यह परेशानी का सबब बन रहा है।
संजय कुमार, दुकानदार
हड़ताल के कारण कचरा न उठने से बदबू अब आम हो गई है। दुकानदार सुबह आते ही अपनी दुकान को साफ करने के साथ-साथ गली को भी साफ कर रहे हैं। मगर इससे समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। क्योंकि कचरा हट नहीं पा रहा है।
राकेश कुमार, दुकानदार
हड़ताल के चलते बाजार, गली-मोहल्ले हर जगह सिर्फ कचरा ही दिखाई दे रहा है। इसे हटाने के लिए अब तक कोई पहल नहीं हुई है। मौजूदा सूरत हाल में प्रशासन और नगर परिषद में समस्या के समाधान के लिए पहल करनी चाहिए थी। मगर अभी तक इस दशा में कोई का काम नहीं हुआ है, जिससे लोग परेशान हैं।
रमन गुप्ता, स्थानीय निवासी
नगर परिषद लगातार सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं से बात कर रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि कचरे के ढेरों को प्राथमिक रूप से हटवाया जाए। उम्मीद है एक-दो दिन इस दिशा में कोई सकारात्मक परिणाम आएगा और लोगों को कचरे के ढेरों से आजादी मिलेगी।
अमित शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद कठुआ