कठुआ। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में एक बार फिर महंत मंजीत सिंह के समर्थकों को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं कमेटी के पूर्व प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए प्रधान की कुर्सी पर अपना कब्जा जमा लिया है। सोमवार को चुनाव के नतीजे आने के बाद उन्होंने अपने 8 समर्थकों की जीत सुनिश्चित होने के बाद शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा से सावनचक स्थित गुरुद्वारा साहिब तक विजय जुलूस निकालकर मतदाताओं का आभार जताया।
कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह सात बजे से सात निर्वाचन क्षेत्रों के 14 मतदान केंद्रों में दोपहर एक बजे तक चले शांतिपूर्ण मतदान के दौरान युवाओं महिलाओं और बुजुर्गों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के साथ सभी मतदान केंद्रों में ही मतगणना शुरू हो गई थी और 4 बजे नतीजे भी आने लगे। एक-एक सीट पर नजर बनाए भोला के समर्थकों को जैसे ही उनके बहुमत में आने का रास्ता साफ होता दिखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान जहां समर्थकों ने बोले सो निहाल सत श्री अकाल का घोष कर अपनी खुशी जताई। वहीं युवाओं ने ढोल की थाप पर झूमते हुए जीत का जश्न मनाया।
इस मौके पर भोला ने अपनी जीत का श्रेय मतदाताओं को देते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार उनके प्रति मतदाताओं ने जिस प्रकार का विश्वास दिखाया है। उसके लिए वह सभी के आभारी है। उन्होंने कहा कि जिला की सिक्खसंगत को संगठित रखना उनकी प्राथमिकता रही है, जिसे वह भविष्य में भी जारी रखेंगे। इसके अलावा शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा के विकास के क्रम को भी आगे बढ़ाते हुए वहां दर्शनी डयोढ़ी का निर्माण किया जाएगा, ताकि गुरुद्वारा साहिब की शोभा को और बढ़ा जा सके।
------------------------------------------------------
कहां कौन जीता
निर्वाचन क्षेत्र
1. कठुआ टाउन तरफ तजवाल
हरभजन सिंह- 218
लखविंदर सिंह- 202
2. कठुआ टाउन
चरणजीत सिंह भोला- 225 दिलप्रीत सिंह- 146
3. हरदो मुट्ठी
हरमीत सिंह- 440
विशाल सिंह- 151
4. तरफ भजवाल
भजन सिंह- 178, हरबंस सिंह- 129
5. लखनपुर
मास्टर प्रवीण सिंह-228, जगबीर सिंह-187
6. बरमोरा
मनिंदर पाल सिंह-419, मनमोहन सिंह- 206
7. खानपुर
कश्मीर सिंह- 305
अमर सिंह-164
----------------------------------------
जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावी प्रक्रिया का प्रभार संभाल रहे एसीआर संदीप सियोंत्रा का कहना है कि एक महीने पहले शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया आज पूरी तरह से शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है। इस दौरान सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में 63.6 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने चुनाव के सफल आयोजन के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और चुनाव कर्मियों को आभार जताते हुए कहा कि अब केवल जीते हुए प्रत्याशियों को उनके प्रमाण पत्र देने की प्रक्रिया शेष है। जिसे पूरा करने के साथ चुनाव में प्रशासन की भूमिका खत्म हो जाएगी।