पंचायत दरालता के मांगर गांव में शनिवार की शाम को आग लगने से दो मंजिला मकान जल कर राख हो गया। इस हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन घर में रखा सारा सामान, राशन जल गया। मकान जलने से एक ही परिवार के बीस सदस्य बेघर हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को टेंट और छह महीने तक राशन उपलब्ध करवाने की मांग की है।
हादसा उस समय हुआ, जब तेज हवा चलने से जंगल में लगी आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आग ने मांगर निवासी नजीर अहमद के मकान को लपेट में ले लिया।
लोगों ने घर से जरूरी निकालने का बहुत प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ निकालने का मौका ही नहीं दिया। सारा मकान जलकर राख हो गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी इसमें सफल नहीं हो पाया।