दूषित पेयजल आपूति होने पर रोष जताते गोविंदसर गांव वासी। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। गोविंदसर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में जल शक्ति विभाग की पाइप लाइन से हो रही दूषित पेयजल आपूर्ति पर स्थानीय लोगों ने कड़ा रोष जताया है। सोमवार को जल शक्ति विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए दर्जनों लोगों ने रोष जताते हुए समस्या का समाधान किए जाने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता शशि शर्मा ने कहा कि एक ओर सरकार जल जीवन मिशन जैसे कार्यक्रम चलाकर हर घर को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करने के लिए पहल कर रही है। वहीं, कठुआ में अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को दूषित पानी पीना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत में पानी की सप्लाई करने वाले ट्यूबवेल की मुख्य लाइन नाले के बीच में फटी हुई है। नाले में औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी लगातार बहता रहता है। नाले में पाइप लाइन फटी होने से लोगों के घरों में लगातार गंदा पानी आ रहा है। जिसकी बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद जल शक्ति विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि खुद मिनरल वाटर पीने वाले अधिकारी लोगों के प्रति गंभीर नहीं है। वहीं, प्रदूषण नियंत्रण विभाग भी इस मामले में अपनी आंख बंद किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए बनाई गई नालियों में औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला केमिकल युक्त गंदा पानी बह रहा है। जो कि यहां से गुजरने वाली जल शक्ति पाइप लाइन के माध्यम से लोगों के घरों में जा रहा है। जिससे लोग तरह-तरह की बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं। लेकिन विभाग के अधिकारी अपनी कुंभकरण की नींद में सोए हुए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक-दो दिन में समस्या का समाधान नहीं किया गया। तो वह लोग इसके खिलाफ सड़कों पर उतरने से भी परहेज नहीं करेंगे। प्रदर्शन में आलम दीन, गुरदीप शर्मा, तारा चौधरी, सुनील चौधरी, सिद्धार्थ चौधरी, अनवर हुसैन, बूटी राम चौधरी, अभिमन्यु शर्मा आदि शामिल रहे।