चक देसा सिंह पंचायत में अवैध रूप से बन रहे ढांचे को ढहाती जेसीबी, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर से सटे चक सरदार देसा सिंह इलाके में प्रशासन ने मंगलवार को अवैध रूप से हो रहे निर्माणों पर शिकंजा कसा। इस दौरान प्राकृतिक जल स्त्रोत पर किए जा रहे अवैध कब्जे का हवाला देते हुए प्रशासन ने एक इमारत को ढहा दिया।
देर शाम तहसीलदार कठुआ गौरव शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने एक निर्माणाधीन इमारत पर कार्रवाई को अंजाम दिया। तहसीलदार ने बताया कि प्रशासन के नियमित चलने वाले अभियान के तहत कूहल पर हो रहे एक अवैध कब्जे को गिरा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस इमारत में फिलहाल दीवारों को खड़ा किया गया था।
तहसीलदार ने कहा कि फिलहाल देर शाम होने के कारण छोटी मशीन ही उपलब्ध हो पाई थी। बुधवार सुबह बड़ी मशीनों की सहायता से अभियान को अंजाम दिया जाएगा और ढांचे को गिराया जाएगा। उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि ढांचे के निर्माण के लिए वे मिलकर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी मनमानी कर रही है। लगभग पांच दशक पहले खरीदी गई इस जमीन पर प्रशासन ने जबरन जेसीबी चलाई है।