बसोहली। बसोहली नगर में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। नगर कमेटी और प्रशासन अवैध पार्किंग और अतिक्रमण रोकने के लिए गंभीर नहीं है। बस अड्डे पर अतिक्रमण इतना ज्यादा है कि लोगों का वहां से पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है।
इस संदर्भ में लोगों की ओर से कई बार नगर कमेटी और प्रशासन के समक्ष शिकायतें भी की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बस अड्डे पर कई दुकानदारों ने अपने सामान दुकान के बाहर तक फैला कर अतिक्रमण कर रखा है। वहीं, बस अड्डे के पिछले हिस्से की तरफ निजी वाहन खड़ा कर अतिक्रमण किया गया है। नगर कमेटी बीते करीब ढाई वर्षों में पार्किंग के लिए कोई योजना नहीं बना सकी है। पार्किंग के लिए लोगों ने कई बार मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर कमेटी के ईओ पीआर सांगड़ा ने बताया कि पार्किंग के लिए फिलहाल कोई योजना नहीं बनाया गया है और न ही इस पर कोई बात चल रही है। बस अड्डे पर जो अतिक्रमण हुआ है उसे हटाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।