कठुआ/रामकोट। जल शक्ति विभाग सब डिवीजन बिलावर के स्थायी कर्मचारी अपनी मांगों को मनवाने के लिए 18 जून को 12 घंटे तक काम छोड़ हड़ताल करेंगे। साथ ही डिवीजन स्तर पर 18 जून को धरना प्रदर्शन कठुआ में करेंगे। इसमें बसोहली, बनी, बिलावर, हीरानगर और कठुआ के जल शक्ति विभाग के स्थायी कर्मी शामिल होंगे। इसकी जानकारी जल शक्ति विभाग सब डिवीजन के प्रधान धारा नाथ ने दी।
जल शक्ति विभाग सब डिवीजन बिलावर के चेयरमैन मोहिंदर कुमार ने कहा की सरकार ने आज तक स्थायी कर्मियों की मांगों को भी पूरा नहीं किया है। इससे स्थायी कर्मी भी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। सरकार स्थायी कर्मियों की मांगों को भी दरकिनार कर रही है। उन्होंने कहां स्थायी कर्मियों की सेवानिवृत्ति पर उनसे एसआरओ 59 और 149 के तहत मिले फायदे की रिकवरी की जा रही है। इससे कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार कोर्ट के फैसले के विरोध में जाकर कर्मियों की पेंशन घटा करके आधी लगा रही है। जल शक्ति विभाग के स्थायी कर्मी त्रिलोकनाथ ने कहा बाकी विभाग की तर्ज पर जल शक्ति विभाग में भी पदोन्नति की जानी चाहिए। जिन मुलाजिमों की नौकरी के दौरान मृत्यु हुई उनके एसआरओ 43 के दस्तावेज पिछले 2 साल से चीफ इंजीनियर दफ्तर जम्मू में रुके पड़े हैं, जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान धारा नाथ ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि इस काम छोड़ हड़ताल को सफल बनाने में अपना पूरा सहयोग करें और 18 जून को डिवीजन दफ्तर कठुआ में धरने को सफल बनाएं। कर्मियों ने कहा कि अगर सरकार ने यह सब मांगे हमारी पूरी नहीं की तो आने वाले समय में हम और भी सख्त कदम उठाएंगे।