ट्रक यूनियन कठुआ के अध्यक्ष का चुनाव दो अप्रैल को कराने का फैसला लिया गया है। गोलीकांड के दो वर्ष बाद यूनियन का चुनाव कराया जाएगा।
ट्रक यूनियन के सदस्यों की सोमवार को बैठक को हुई बैठक में चुनाव कराने का फैसला लिया गया।
बैठक में प्रधान पद का चुनाव करवाने और इसके लिए तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने इस बात पर सहमति जताई कि अगले महीने चुनाव करवाए जाएं।
बैठक के बारे में जोगिंद्र पाल मिश्रा और अमरीक सिंह ने बताया कि लंबे अरसे से ट्रक यूनियन अध्यक्ष का पद खाली पड़ा है। इसके चलते यूनियन सदस्यों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ दिनों पहले यूनियन के एक गुट ने 26 मार्च को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव करवाने का निर्णय लिया था। इसका दूसरे गुट ने विरोध किया था।
उन्होंने बताया कि सोमवार को दोनों गुटों के आठ-आठ सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया है। इसमें सभी की सहमति से चुनाव की तिथि और चुनाव प्रक्रिया के बारे में विचार विमर्श किया गया।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद का चुनाव दो अप्रैल को कराया जाएंगे और उसी दिन शाम को परिणामों की घोषणा की जाएगी।
26 मार्च को नामांकन पत्र भरे जाएंगे, 27 मार्च को पत्रों की जांच और 28 मार्च को पत्र वापस लेने की तिथि होगी। गौरतलब है कि ट्रक यूनियन गोविंदसर में गोलीकांड के बाद से अध्यक्ष पद खाली पड़ा हुआ है।