कठुआ। विश्व साइकिल दिवस पर राजकीय डिग्री कॉलेज की एनएसएस इकाई की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर से प्रधानाचार्य प्रो. सुमनेश सिंह जसरोटिया ने साइकिल रैली को रवाना किया। साइकिल रैली में शामिल लोग शहीदी चौक, कैप्टन सुनील चौक, ड्रीम पार्क आदि स्थानों पर गए और लोगों को जागरूक किया कि बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण के लिए साइकिल चलाएं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवकों और साइकिल चालकों को साइकिल के इतिहास के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि साइकिल परिवहन के सबसे पुराने साधनों में से एक है। दुनिया भर में साइकिल का उपयोग जारी है। बच्चे और बुजुर्ग साइकिल चलाकर मनोरंजन के साथ ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वहीं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मनमोहन सिंह ने कहा कि वाहनों से निकलने वाला काल धुआं वायु प्रदूषण का महत्वपूर्ण कारक है। साइकिल को परिवहन के रूप में अपना कर हम वायु प्रदूषण को कम कर सकते हैं। पेट्रोल, डीजल पर खर्च किए जा रहे रुपयों को बचा सकते हैं। साथ ही साइकिल चलाने से हम अपना स्वास्थ्य बेहतर रख सकते हैं। साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए हर साल तीन जून को विश्व साइकिल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य साइकिल चलाने सहित साधारण गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अधिक सक्रिय बनाना है। इस मौके पर प्रो. नेहा बंदराल, डॉ. सुरेश कुमार शर्मा, प्रो. राज किरण शर्मा, प्रो. रोमिला गुलेरिया, प्रो. सीमा मलपोत्रा, प्रो. जसविंदर सिंह, प्रो. राकेश जसरोटिया, प्रो. रितु भगत, रोशन पाखरू और निदेशक शारीरिक शिक्षा डॉ. जोगबिंदर सिंह सूदन उपस्थित रहे।
साइकिल लेन बनाने की उठाई मांग
कठुआ। विश्व साइकिल दिवस पर ‘बाईसाइकिल फॉर चेंज क्लब’ की ओर से शहर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू रैली को जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रकाश लाल थापा व नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने झंडी देकर रवाना किया। इसके बाद साइकिल चालकों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर गए और लोगों को साइकिल चलाने के लाभ से परिचित कराया।
इस मौके पर ‘बाईसाइकिल फॉर चेंज क्लब’ के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने प्रशासन से साइकिल लेन के निर्माण के साथ साइकिल शेयरिंग और साइक्लिंग अकादमी शुरू करने की अपील की। वहीं, मुख्य शिक्षा अधिकारी ने क्लब के इस कदम की सराहना करते हुए युवा पीढ़ी को बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए साइकिल अपनाने पर जोर दिया। नगर परिषद के प्रधान ने साइकिल चलाने को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। रैली में परीक्षित शर्मा, मनिंदर सिंह, सूरज सिंह, दीप शर्मा, वरुण, प्रखर, पंकज, मितुल, राहुल, एडवोकेट राहुल, अरुण डोगरा, प्रो. मनमोहन सिंह, शरद कुमार, इमरान अली, नीफ अली, सलाम दीन, अभी कुमार, बिशारत अली देव, विशाल जसरोटिया, शिवांगी, ख़ुशी जसरोटिया और मुबारक राजवाल आदि शामिल रहे।