बिलावर। अपनी लंबित मांगों को मनवाने के लिए जल शक्ति विभाग के स्थायी कर्मचारी 24 घंटे की हड़ताल पर चले गए हैं। इससे रविवार को उपमंडल के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। ज्यादातर पंपिंग स्टेशनों पर मोटरें न चलने से रामकोट तहसील सहित बिलावर उपमंडल के कई गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
वहीं, कई इलाकों में जल शक्ति विभाग के स्थायी कर्मियों की ओर से पेयजल आपूर्ति बहाल की गई। हालांकि 90 प्रतिशत इलाके में हड़ताली कर्मियों के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर जल शक्ति विभाग बिलावर के अस्थायी कर्मियों के प्रधान बीरबल जलमेरिया ने बताया कि उपमंडल में तैनात सभी अस्थायी कर्मचारी अपनी मांगों को मनवाने के लिए जम्मू में मुख्य इंजीनियर के कार्यालय में धरने पर बैठे हैं। उन्होंने बताया कि 48 घंटों की काम छोड़ हड़ताल अस्थायी कर्मियों की ओर से शुरू की गई है। अगर सरकार लंबित और जायज मांगों को 24 घंटों के भीतर पूरा नहीं करती तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया जाएगा।