जीएमसी कठुआ परिसर से विकास तीर्थ यात्रा शुरू करते भाजपाई। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। वर्ष 2014 में बनी केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल के आठ वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई द्वारा विकास तीर्थ यात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व वनमंत्री जम्मू कश्मीर सरकार राजीव जसरोटिया की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जीएमसी कठुआ की नवनिर्मित इमारत से लेकर कीड़ियां गंडयाल पुल तक रैली निकालकर आम लोगों तक सरकार के द्वारा किए जाने वाले कार्यों को पहुंचाने का प्रयास किया।
इस मौके पर राजीव जसरोटिया ने कहा कि आज से आठ साल पहले बनी सरकार के द्वारा कीड़ियां गंडयाल में पुल और जीएमसी कठुआ की इमारत का निर्माण शुरू हुआ था। मोदी सरकार के दौरान केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह के प्रयास से पूरे हुए। इन बड़े विकास कार्य के बीच की दूरी आज विकास तीर्थ यात्रा के दौरान पूरी की जा रही है। ताकि लोगों तक सरकार के कार्यों को पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस आठ सालों में सरकार ने जन उत्थान के लिए दर्जनों योजनाओं को लागू किया है। इसके अलावा देश की स्वास्थ्य सेवा ढांचे में सबसे बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कोविड महामारी के दौरान जब देश में इसके उपचार और जांच तक की सुविधा नहीं थी तब केंद्र की मोदी सरकार के मार्गदर्शन में भारत ने कोरोना की वैक्सीन बनाई। इससे देश की बड़ी आबादी का टीकाकरण संभव हो सका। बल्कि विश्व में जहां भी इसकी जरूरत पड़ी भारत ने वैक्सीन उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका अदा की। वहीं, जिला प्रधान गोपाल महाजन ने कहा कि सेवा सुशासन और गरीब कल्याण अभियान को लेकर चल रही सरकार को मजबूती देने के लिए 14 जून को विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इससे सरकार के अब तक के कार्य जनता तक पहुंचाए जाएंगे। इस मौके पर भाजयुमो के जिला प्रधान मनमोहन शर्मा, भाजपा के पूर्व जिला प्रधान प्रेमनाथ डोगरा, जिला विकास परिषद के उपचेयरमैन रघुनंदन सिंह बब्लू, इंदू रेखा प्रताप सिंह, राहुलदेव शर्मा, मंजीत सिंह, राजेश मेहता, टीआर भगत, सन्नी भारती आदि उपस्थित रहे।