कठुआ। जिला विकास परिषद कठुआ को जल्द अपना स्थायी कार्यालय मिल जाएगा। खरोट लिंक मार्ग पर हाइवे से लगभग सौ मीटर की दूरी पर कोई तीन कनाल जमीन प्रशासन ने चिह्नित कर ली है। प्रदेश प्रशासन की ओर से बाकायदा जिला विकास परिषद कार्यालय के लिए 2.87 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है।
आधिकारिक सूत्रों की मानें तो गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को डीडीसी कार्यालय के काम का शुभारंभ कराया जा सकता है। इससे पहले लखनपुर कॉरिडोर में डीडीसी का अस्थायी कार्यालय स्थापित किया गया था। 19 अप्रैल को ट्रैवलर्स मार्ट की इमारत में चुनाव के लगभग चार महीने बाद डीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को यह कार्यालय मिला था। लेकिन, जिले के एक कोने में स्थित होने और टोल प्लाजा पार कर जाने के चलते यह कार्यालय न तो जनप्रतिनिधियों को रास आ रहा था, और न ही उन तक अपनी समस्या लेकर जाने वाली जनता को।
प्रदेश प्रशासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन कुछ समय से अड़चनों से मुक्त जमीन चिह्नित करने में लगा था। जिस पर डीडीसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का कार्यालय तैयार किया जा सके। प्रशासन की ओर से खरोट मोड़ से सटकर ऐसी ही एक सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को हटाया गया। तब डीडीसी कार्यालय के लिए जमीन को अंतिम रूप दे दिया गया।
कठुआ के उपायुक्त राहुल यादव ने बताया कि हाईवे से सौ मीटर की दूरी पर डीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कार्यालय के लिए जमीन चिह्नित की गई है। इसके लिए राशि मंजूर हो चुकी है। एक सप्ताह में इसका कार्य शुरू कराने की योजना है। जिला मुख्यालय से सटा होने के चलते डीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का यह कार्यालय जिले के हर व्यक्ति की पहुंच में होगा। इससे डीडीसी की गतिविधियों में भी तेजी आएगी, और पंचायती राज संस्थाएं भी मजबूत होंगी।
-----
2 अक्टूबर को केंद्रीय पंचायती राज मंत्री जिला विकास परिषद के कार्यालय के काम का ई-उद्घाटन करेंगे। नजदीक ही चक सज्जन में 10 कनाल भूमि आवासीय सुविधा के लिए भी चिह्नित की गई है। जिला मुख्यालय के नजदीक इसके तैयार होने से जिले भर के लोगों के लिए सुविधा बढ़ेगी। इससे जिला विकास परिषद का कार्यालय भी बेहतर कार्य कर पाएगा।
- महान सिंह, जिला विकास परिषद अध्यक्ष, कठुआ